गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने मंगलवार को साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर औद्योगिक इकाइयों के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं और उद्यमियों की समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उद्यमियों ने बृज विहार पुलिया, अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण, सड़कों की खराब स्थिति, दोबारा किए जा रहे अवैध कब्जे, गैस एजेंसी के समीप बनी दुकान और नगर निगम के कूड़ा स्थल सहित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बृज विहार पुलिया का काम 15 दिन में पूरा करने के निर्देश
बृज विहार पुलिया के निर्माण कार्य की जानकारी लेने पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि शेष कार्य 15 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित अवधि में निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों और पुनर्निर्माण की आवश्यकता वाली सड़कों की भी जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को उच्चाधिकारियों से समन्वय कर निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कराने और सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
औद्योगिक क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही दोबारा अतिक्रमण होने पर संबंधित क्षेत्र के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर संयुक्त टीम करेगी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
यदु गैस एजेंसी के पास अवैध रूप से निर्मित दुकान के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। नगर निगम के कूड़ा स्थल की समस्या के संबंध में उन्होंने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि नगर निगम के अधिकारियों से वार्ता कर स्थायी समाधान कराया जाएगा।
जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचकर समस्याएं सुनने और अधिकारियों को निर्देश देने से उद्यमियों में उत्साह दिखाई दिया। उद्यमियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।
