डीजीसीए ने जारी किया नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एयरोड्रम लाइसेंस, जल्द शुरू होंगी उड़ानें

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
DGCA issues Aerodrome License for Noida International Airport IMAGE CREDIT TO प्रोफाइल फोटो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने शुक्रवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर दिया है। इसके साथ ही एयरपोर्ट संचालन की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। अनुमान है कि अगले करीब 45 दिनों के भीतर यहां से फ्लाइट टेकऑफ और लैंडिंग शुरू हो जाएंगी। संभावना जताई जा रही है कि आगामी नवरात्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।

एयरोड्रम लाइसेंस जारी, सुरक्षा क्लियरेंस के बाद

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को सुरक्षा क्लियरेंस मिलने के एक दिन बाद डीजीसीए ने यह एयरोड्रम लाइसेंस जारी किया। लाइसेंस जारी करने से पहले डीजीसीए एयरपोर्ट प्रबंधन से सभी आवश्यक एनओसी प्राप्त करता है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब एयरपोर्ट के संचालन की अनुमति दे दी गई है।

एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि संचालन से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। एयरोड्रम लाइसेंस के बिना टिकटों की बुकिंग संभव नहीं होती। अब एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा इंडिगो, एयर इंडिया और आकाशा एयर को पत्र भेजकर टिकट बुकिंग शुरू करने के लिए कहा जाएगा।

शुरुआती उड़ानें और शर्तें

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/

शुरुआती चरण में यहां से चंडीगढ़, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, अहमदाबाद और जयपुर जैसे शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने की संभावना है। डीजीसीए ने लाइसेंस जारी करते समय 18 शर्तें भी निर्धारित की हैं, जिनका पालन एयरपोर्ट प्रबंधन को करना होगा। यह डीजीसीए की गाइडलाइन का हिस्सा है और किसी भी तरह के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की जा सकती है।

हाल ही में ग्रेटर नोएडा दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि जल्द ही एयरपोर्ट का उद्घाटन किया जाएगा। इससे पहले मेरठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एयरपोर्ट का उद्घाटन करने का आमंत्रण भी दिया था। अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री कार्यालय से तारीख मिलते ही इसका शुभारंभ कर दिया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment