शामली (शिखर समाचार)। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान प्रदेश में मांस एवं मदिरा की दुकानें बंद रखने की मांग की। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर स्थित दुकानों पर संचालकों के नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाने की भी बात कही।
कांवड़ यात्रा के दौरान मांस-मदिरा की दुकानें बंद रखने की मांग
मंगलवार को शामली में आयोजित पत्रकार वार्ता में विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक यात्रा करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मांस एवं मदिरा की दुकानों पर आवश्यक प्रतिबंध लगाने अथवा उन्हें बंद रखने पर विचार किया जाए।
उन्होंने कांवड़ मार्ग पर स्थित दुकानों के संचालकों के नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाने की भी बात कही।
श्री अग्रोधाम बनेगा सनातन संस्कृति और सेवा का केंद्र
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विनीत अग्रवाल शारदा ने बताया कि मेरठ में निर्माणाधीन श्री अग्रोधाम देश का दूसरा सबसे भव्य अग्रोधाम होगा, जो सनातन संस्कृति, सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने बताया कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट ने संगठन के विस्तार के लिए उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों—पश्चिम उत्तर प्रदेश, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, गोरखपुर-गोरक्षेत्र और काशी—में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र एवं जनपद में संगठनात्मक इकाइयों के गठन का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में सर्वसम्मति से विशाल गुप्ता को श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट, शामली का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
श्री अग्रोधाम परिसर में होंगी आधुनिक सुविधाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
विनीत अग्रवाल शारदा ने बताया कि मेरठ में बन रहे श्री अग्रोधाम परिसर में महाराजा अग्रसेन का भव्य मंदिर, कुलदेवी महालक्ष्मी मंदिर, शिव-पार्वती परिवार मंदिर, भगवान शिव मंदिर, विशाल यज्ञशाला, सभागार, वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक वृद्धाश्रम, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट तथा लगभग 50 शैय्या वाला आधुनिक अस्पताल स्थापित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संयोजन विशाल गुप्ता ने किया। इस अवसर पर अरविन्द संगल, राजेश गोयल, दीपक गुप्ता, वैभव गोयल, परवीन अग्रवाल, पवन बजरंगी, गौरीशंकर, रमेश अग्रवाल, शुभम तायल, चंचल गोयल, अमित बंसल, तरण अग्रवाल, महेश गोयल, अंकित गुप्ता और अमित मित्तल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
