आरव शर्मा
देहरादून (शिखर समाचार)। राजधानी के सुनियोजित और भविष्य के विकास के लिए तैयार की जा रही ‘देहरादून महायोजना-2041’ को लेकर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा संचालित जनसंवाद अभियान का छठा दिन रायपुर क्षेत्र के नाम रहा। किशनपुर स्थित लक्सूरिया फार्म हाउस में आयोजित शिविर में स्थानीय नागरिकों, भू-स्वामियों और जनप्रतिनिधियों की भारी भीड़ जुटी।
किशनपुर में उमड़ी भीड़, 100 से अधिक सुझाव दर्ज
शिविर में करीब 100 लोगों ने सीधे प्राधिकरण के अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी। इस दौरान मुख्य रूप से सड़क नेटवर्क, ट्रैफिक प्रबंधन, जल निकासी व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और पार्किंग के साथ-साथ हरित क्षेत्रों के संरक्षण पर चर्चा की गई। नागरिकों ने आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के बीच बेहतर संतुलन बनाने की मांग की, ताकि भविष्य में शहर पर दबाव न बढ़े।
स्थानीय जरूरतों को मिले प्राथमिकता: उमेश शर्मा काऊ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जनसुनवाई शिविर में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने शिरकत की और विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि देहरादून में तेजी से हो रहे शहरीकरण के बीच योजनाओं का निर्माण स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए। काऊ ने स्पष्ट किया कि यातायात, बुनियादी ढांचों और पर्यावरण संरक्षण को महायोजना में शीर्ष प्राथमिकता दी जानी चाहिए, क्योंकि जनभागीदारी से ही योजनाएं प्रभावी साबित होती हैं।
हर सुझाव का होगा तकनीकी परीक्षण: एमडीडीए
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि महायोजना के लिए प्राप्त सुझाव यह साबित करते हैं कि दूनवासी अपने शहर के भविष्य को लेकर गंभीर हैं।
वहीं, प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता से प्राप्त हर सुझाव और आपत्ति का दस्तावेजीकरण किया जा रहा है। विशेषज्ञों द्वारा इन सुझावों का तकनीकी और विधिक परीक्षण किया जाएगा, ताकि एक ऐसा विकास मॉडल तैयार हो सके जो देहरादून की प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करे।
अगला पड़ाव: जीआरडी यूनिवर्सिटी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
एमडीडीए का यह जनसंवाद अभियान 6 जुलाई से शुरू हुआ है जो 21 जुलाई तक जारी रहेगा। अभियान के अगले चरण में 14 जुलाई को जीआरडी यूनिवर्सिटी, राजपुर रोड में शिविर आयोजित किया जाएगा। प्राधिकरण ने संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने सुझाव दर्ज कराएं।
