एक लाख का इनामी बदमाश फुरकान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, स्वाट टीम का हेड कांस्टेबल घायल

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Criminal Furkan carrying a reward of ₹1 lakh killed in a police encounter; SWAT team head constable injured. IMAGE CREDIT TO पुलिस

शामली (शिखर समाचार)।

झिंझाना थाना पुलिस, बाबरी थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को एक लाख रुपये का अंतरराज्यीय इनामी, हिस्ट्रीशीटर एवं गैंग लीडर फुरकान पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के अनुसार उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन पुलिस अधिकारी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण सुरक्षित बच गए।

एक लाख के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सूचना मिली थी कि फुरकान अपने एक साथी के साथ झिंझाना क्षेत्र के गांव रंगाना स्थित एक पोल्ट्री फार्म के पास किसी बड़ी वारदात की तैयारी में है। सूचना पर झिंझाना, बाबरी और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फुरकान घायल हो गया, जबकि उसका साथी गन्ने के खेतों का लाभ उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।

मुठभेड़ स्थल से हथियार और नकदी बरामद

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक 9 एमएम कार्बाइन, एक 9 एमएम पिस्टल, 19 जीवित कारतूस, 10 खोखा कारतूस, 9,600 रुपये नकद तथा बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस का दावा है कि फुरकान कैराना थाने का हिस्ट्रीशीटर और गैंग लीडर था तथा उसके विरुद्ध शामली, बागपत और सहारनपुर में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, मादक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम सहित 24 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

उस पर अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a comment