आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने डासना देहात, कल्लुगढ़ी और मटियाला क्षेत्र में अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने भारी हंगामा और विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण और स्थानीय पुलिस बल ने हालात पर काबू पाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को सफलतापूर्वक पूरा किया।
44 बीघे और 9000 वर्गमीटर में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई
जीडीए उपाध्यक्ष के सख्त निर्देशों के क्रम में प्रभारी प्रवर्तन जोन-03 के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम ने ग्राम डासना देहात और कल्लुगढ़ी में खसरा संख्या-1618, 1619, 1620, 1627, 1628, 1629 व 1630 पर लगभग 44 बीघे जमीन पर मोहम्मद दानिश और नितिन द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इसके साथ ही, मटियाला में कनौजा की ओर जाने वाले मार्ग पर (खसरा संख्या-8 व 9) लगभग 9000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग और विकास कार्य किए जा रहे थे। जीडीए की टीम ने यहां धनेश कुमार (पुत्र राम अवतार), चमन प्रकाश (पुत्र किशन चन्द), मनोज चौधरी, सुशील चौधरी, अनिल वर्मा और अजय वर्मा (पुत्रगण काशी राम) व अन्य सहखातेदारों द्वारा किए गए अनाधिकृत निर्माण को भी ढहा दिया।
विरोध के बावजूद जारी रही ध्वस्तीकरण कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
अभियान के तीसरे चरण में जल निगम रोड स्थित कल्लुगढ़ी के पास डासना (खसरा संख्या-1630) में लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल में रवि शंकर शर्मा (पुत्र विनोद) द्वारा किए जा रहे भवन निर्माण कार्य को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान भूमाफियाओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन का कड़ा विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान जारी रखा।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान जीडीए के सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर/मेट तथा स्थानीय पुलिस बल भारी संख्या में मौजूद रहा। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
