गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जनता को सहूलिया देने के लिए पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ के आदेश पर गाजियाबाद में एक नई पहल की शुरुआत हो चुकी है। इस नई पहल के तहत प्रत्येक बुधवार को गाजियाबाद कमिश्नरेट के प्रत्येक थाने पर वादी संवाद दिवस का आयोजन किया जाएगा। आज इस नई पहल की शुरुआत करते हुए प्रत्येक थाने पर वादी संवाद दिवस का आयोजन हुआ। इतना ही नहीं कमिश्नरेट में तैनात एसीपीयों ने अपने जोन के एक थाने पर बैठकर वादियों की समस्या सुनी। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जनता के दिल में पुलिस की एक अच्छी छवि बनाने का कार्य किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर लगातार थाना स्तर पर सिटीजन पुलिसिंग को मजबूत किया जा रहा है।
वादी संवाद दिवस: पारदर्शिता और विश्वास के साथ मिलेगा मुकदमों की स्थिति का सीधा जवाब
वादी संवाद दिवस के तहत वादी अपने मुकदमे से संबंधित जानकारी सीधे जांच अधिकारी से कर सकेगा। जांच अधिकारी वादी को मुकदमे की मौजूदा स्थिति और आगामी होने वाली कार्यवाही से अवगत कराएंगे। ऐसा करने से वादी का पुलिस पर भरोसा कायम रहेगा और उसकी समस्या का जल्द से जल्द निदान किया जा सकेगा। सभी थाना प्रभारियों को आवेशित किया गया है कि वादी संवाद दिवस के दौरान वादी के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उसके द्वारा मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध की जाए। वादी को किसी भी प्रकार की असंतुष्टि वादी संवाद दिवस के दौरान नहीं होनी चाहिए। अगर किसी भी वादी ने इस संबंध में शिकायत की तो तत्काल विधिक कार्यवाही की जाएगी।

