ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जेवर से सोमवार को वाणिज्यिक उड़ान संचालन का औपचारिक शुभारंभ हो गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने रिबन काटकर तथा फ्लैग ऑफ कर हवाई सेवाओं की शुरुआत की। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग एवं जनपद प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की मुख्य कार्यपालक अधिकारी नीतू शर्मा, एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमैन सहित प्रशासन, यमुना प्राधिकरण एवं एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जेवर एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत
वाणिज्यिक संचालन के पहले दिन इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी। इस ऐतिहासिक अवसर पर एयरपोर्ट के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले 170 किसानों, जिनमें 28 महिलाएं भी शामिल थीं, को विशेष रूप से पहली उड़ान से लखनऊ भेजा गया।
किसानों के साथ विधायक धीरेंद्र सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया तथा उपजिलाधिकारी दुर्गेश भी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और परियोजना पर आभार व्यक्त किया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा एयरपोर्ट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/focus-on-security-and-environmental-balance/
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि यह एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर भारत में कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि यहां डिजिटल सेवाएं, सेल्फ चेक-इन, बैगेज ड्रॉप और अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक चरण में घरेलू उड़ानें शुरू हुई हैं, जबकि आगे अंतरराष्ट्रीय सेवाएं भी जोड़ी जाएंगी। एयरपोर्ट पर विकसित एयर कार्गो सुविधाएं व्यापार और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करेंगी। एयरपोर्ट की शुरुआती क्षमता लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों प्रति वर्ष होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 7 करोड़ से अधिक किया जाएगा। सतत विकास और नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य के साथ तैयार यह परियोजना क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक विकास, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।
