नूरपुर में स्कूल बस और डंपर की टक्कर, बड़ा हादसा टला, चार छात्र घायल

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Collision between school bus and dumper in Nurpur; major accident averted, four students injured IMAGE CREDIT TO POLICE

बिजनौर (शिखर समाचार) नूरपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना टल गई, जब स्कूली बच्चों से भरी बस और सामने से आ रहे डंपर की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे बच्चों में अफरा तफरी मच गई। हादसे में चार छात्र चोटिल हुए हैं, जिनमें एक के पैर में हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

स्कूल बस और डंपर की टक्कर: नूरपुर धनोरा मार्ग पर सड़क हादसा, बच्चों के सुरक्षित स्कूल जाने का रूट प्रभावित

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

घटना नूरपुर धनोरा (चांदपुर) मार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप और लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले के निकट हुई। जानकारी के अनुसार रूट्स इंटरनेशनल स्कूल की बस सुबह लगभग 10 बजे रतनगढ़, फीना और लिंडरपुर समेत आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान धनोरा की दिशा से तेज गति में आ रहे डंपर से बस की टक्कर हो गई।

पुलिस क्षेत्राधिकारी चांदपुर देश दीपक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान यह दुर्घटना हुई। टक्कर लगते ही बस में चीख पुकार मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीण व राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस के भीतर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

हादसे में चार बच्चे घायल: दक्ष को फ्रैक्चर के कारण बिजनौर रेफर, अन्य बच्चों का निजी अस्पताल में उपचार, सभी की स्थिति स्थिर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/

हादसे में घायल छात्रों की पहचान दक्ष (14 वर्ष), युवान (9 वर्ष), माधव (9 वर्ष) और अनंत तोमर (14 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें दक्ष के पैर में फ्रैक्चर होने पर उसे बिजनौर के लिए भेजा गया, जबकि अन्य बच्चों का निजी चिकित्सालय में उपचार कराया गया। पुलिस के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर जोखिम पैदा करती है।

Share This Article
Leave a comment