जनसेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को मौके पर ही दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Chief Minister Hears Public Grievances at Jan Seva Camp, Directs Officials to Provide Immediate Solutions on the Spot IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

देहरादून (शिखर समाचार)।
सहसपुर स्थित गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में शनिवार को सेवा, सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जन जन की सरकार, जन जन के द्वार’ जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिविर में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंचकर योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है।

जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान सुशासन की प्राथमिकता

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह तथा जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। देहरादून जनपद में आयोजित 46 शिविरों में 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की और हजारों लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही मिला।

शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने कारबारी ग्रांट में सोलर लाइट लगाने, जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सड़क, नाली, जल निकासी, श्मशान घाट निर्माण, राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान, पार्क एवं ओपन जिम निर्माण, औषधालय और एंबुलेंस की व्यवस्था सहित कई मांगों पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन, उद्योग, निवेश और हवाई संपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून लागू करने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के कारण राज्य में सुशासन को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने और प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Share This Article
Leave a comment