शामली (शिखर समाचार)।
नगर पालिका परिषद के चेयरमैन अरविन्द संगल ने नई मंडी स्थित कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में साफ-सफाई, गोवंश के रखरखाव, पानी, चारे और सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
गोवंश की व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण
चेयरमैन अरविन्द संगल सबसे पहले गौशाला में मौजूद गोवंश के बीच पहुंचे और उनके खाने की खोर, बैठने-उठने की व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति को देखा। निरीक्षण के दौरान भूसा भंडार के पीछे गंदगी पाए जाने पर उन्होंने संचालन समिति रतन एकता ट्रस्ट के संचालक दिनेश शर्मा को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में कई गोवंश खूंटों से बंधे नहीं मिले, जिस पर पालिका अध्यक्ष ने उन्हें निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित ढंग से बांधने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। वहीं सूचना बोर्ड खाली मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बोर्ड पर प्रतिदिन गौशाला में मौजूद गोवंश की संख्या, भूसे की खपत, प्राप्त दान राशि और अन्य आवश्यक सूचनाएं नियमित रूप से दर्ज की जानी चाहिए।
सीसीटीवी व पारदर्शिता पर दिए निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
चेयरमैन ने गौशाला में लगे सीसीटीवी कैमरों को खराब पाए जाने पर उन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला में आने वाले गोभक्तों और दानदाताओं की सूची भी संचालक से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि गौशाला की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और नियमित निगरानी बेहद आवश्यक है।
इसके बाद पालिका द्वारा गौशाला परिसर में कराए गए नवनिर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान नए शेड, खोर और नालियों की गुणवत्ता एवं उपयोगिता की समीक्षा की गई। निरीक्षण के मौके पर अभिषेक गर्ग, मनीष मित्तल, दिनेश विश्वकर्मा, अंकित उपाध्याय, संजय और बिंदर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
