रामपुर मनिहारान/सहारनपुर (शिखर समाचार)। स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 के तहत नगर पंचायत की सफाई टीम ने सोमवार को वार्ड संख्या 12 में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान सूखे और गीले कूड़े को अलग-अलग एकत्र करने के साथ नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सविता वर्मा के निर्देश पर चलाए गए अभियान में लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया।
वार्ड-12 में स्वच्छता अभियान, सूखे और गीले कूड़े को अलग-अलग एकत्र किया
कर समाहर्ता रोहित चौहान और कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक कुमार की देखरेख में सफाई कर्मचारियों ने घरों से सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्र कराया। इसके साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित पर्चे वितरित किए गए और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मकानों के बाहर भी पर्चे चस्पा किए गए। अधिकारियों ने नागरिकों से नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की।
जर्जर मकानों के खंडहरों में सफाई कराने की मांग, गंदगी से सुरक्षा का खतरा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अभियान के दौरान रानी सैनी पत्नी कर्ण सिंह सहित अन्य नागरिकों ने पुराने और जर्जर मकानों के खंडहरों में सफाई कराने की मांग उठाई। स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर में कई स्थानों पर पुराने मकानों के खंडहर गंदगी के केंद्र बन गए हैं। इन स्थानों पर कूड़ा जमा होने से स्वच्छता के साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी पैदा हो रही हैं। लोगों ने ऐसे स्थानों की नियमित सफाई कराने और वहां कूड़ा जमा होने से रोकने की आवश्यकता जताई।
नगर पंचायत की टीम में सफाई नायक सुंदर सिंह, चालक विशाल कुमार उर्फ लड्डू, अमित कुमार और चालक अमन कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। नगर पंचायत का उद्देश्य स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाना और नागरिकों की भागीदारी से स्वच्छ वातावरण तैयार करना है।
