बिजनौर (शिखर समाचार)
बिजनौर से चांदपुर जा रही रोडवेज बस में सवार पांच युवकों ने महिला परिचालक के साथ छेड़छाड़ की और मारपीट की। आरोप है कि आरोपी युवक परिचालक से करीब 3500 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चांदपुर डिपो की बस संख्या यूपी 20 टी 3542 बिजनौर से चांदपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में रामलीला मैदान के पास से पांच युवक बस में सवार हुए। बताया जाता है कि युवकों ने महिला परिचालक राशिदा से स्याऊ के टिकट बनवाए। इसी दौरान पांचों युवक परिचालक से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करने लगे।
बस चालक के साथ मारपीट और अफरा-तफरी
महिला परिचालक द्वारा विरोध और समझाने का प्रयास करने पर एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। स्थिति बिगड़ने पर बस चालक हेमंत ने चांदपुर चुंगी के पास बस रोक दी। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने चालक के साथ भी हाथापाई की और बस का शीशा तोड़ दिया, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
महिला परिचालक राशिदा के अनुसार आरोपी युवक उनसे करीब 3500 रुपये की नकदी छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बस कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
