—-बिसरख में बदमाशों का तांडव, मरणासन्न हालत में युवक को मेरठ रेफर किया गया
गौतमबुद्धनगर (शिखर समाचार)| एनसीआर में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस गश्त के दावों की पोल खोल दी है। थाना बिसरख क्षेत्र में रविवार तडके करीब तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक रैपिडो चालक को निशाना बनाया। बदमाशों ने युवक की बगल में चाकू घोंप दिया और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
पुलिसिंग और कानून व्यवस्था की जानकारी
सवारी छोड़कर लौटते वक्त घेरा पीड़ित मुनेश शर्मा ने बताया कि उनका बेटा कुशल शर्मा रैपिडो बाइक चलाता है। 15 फरवरी को रविवार तडके करीब 2:35 बजे वह लालकुआं से एक सवारी को स्टेलर जीवन सोसाइटी छोड़कर वापस लौट रहा था, जैसे ही वह हनुमान मंदिर चौराहे से रोजा की तरफ जाने वाली पक्की सड़क पर पहुँचा, पीछे से एक बिना नंबर की काले रंग की एसेटर बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास आए। बदमाशों ने चेहरे पर मफलर बांध रखा था और एक ने हेलमेट पहना था।
बगल में घोंपा चाकू, तड़पता रहा युवक
बदमाशों ने कुशल को रोककर पूछा कि कहाँ जा रहा है? और जवाब देने से पहले ही उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू युवक की बगल में गहराई तक धंस गया, जिससे वह मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गया। बदमाश उसकी बाइक (UP14EJ6502) और सैमसंग मोबाइल फोन छीन ले गए।
राहगीरों ने नहीं दिखाई इंसानियत
मिशन शक्ति: महिला सशक्तिकरण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
होश आने पर घायल कुशल ने सड़क पर गुजरते कई वाहनों से मदद मांगी, लेकिन कोई नहीं रुका। अंत में एक जोमैटो डिलीवरी बॉय ने उसे अपना फोन दिया, जिसके बाद कुशल ने अपने साथियों को सूचना दी। साथी चालकों ने उसे तत्काल यथार्थ अस्पताल पहुँचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
पुलिसिया कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जाँच कोतवाली बिसरख में तैनात सबइंस्पेक्टर सुशील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
