मुरादनगर (शिखर समाचार)। गांव कनौजा से करीब एक माह से लापता नाबालिग लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर मंगलवार को परिजनों, ग्रामीणों और भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के पदाधिकारियों ने मुरादनगर थाने पर धरना दिया। परिजनों ने पुलिस पर बेटी की तलाश में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द उसकी सुरक्षित बरामदगी की मांग की।
एक माह से लापता है नाबालिग
परिजनों के अनुसार उनकी नाबालिग बेटी करीब एक माह पहले लापता हो गई थी। उसके लापता होने के बाद से परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं और पुलिस से भी संपर्क करते रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन और ग्रामीण मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के पदाधिकारियों के साथ मुरादनगर थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
सात दिन का दिया समय, प्रदर्शन की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर नाबालिग की बरामदगी के लिए सात दिन का समय दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में बच्ची को बरामद नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता और परिजन पुलिस उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी होने तक संगठन परिवार के साथ खड़ा रहेगा और मामले को लेकर आवाज उठाता रहेगा।
धरने में भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के राष्ट्रीय संरक्षक सत्येंद्र त्यागी, हरिओम त्यागी, अमरीश त्यागी, गौरव त्यागी, संदीप त्यागी, दुष्यंत त्यागी, अनु त्यागी, सतवीर त्यागी, मदनलाल फौजी, सुबोध कुमार, सुनील त्यागी, रविंद्र त्यागी, राहुल त्यागी, रिंकू त्यागी और आकाश त्यागी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
