——-विपक्ष की अमर्यादित राजनीति लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात : भाजपा
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में समाजवादी पार्टी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए सपा के खिलाफ नारेबाज़ी की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के एक सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया है, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।
भाजपा ने सपा सांसद की टिप्पणी पर जताई नाराजगी
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत मर्यादा, सामाजिक सम्मान और भारतीय संस्कारों को ठेस पहुँचाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब राजनीतिक दलों का नेतृत्व ही मर्यादाओं की अनदेखी करने लगे तो उनके कार्यकर्ताओं से संयमित भाषा और शालीन आचरण की अपेक्षा करना कठिन हो जाता है।
उन्होंने महोबा से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति की गई टिप्पणी को लोकतांत्रिक गरिमा और राजनीतिक शिष्टाचार पर सीधा आघात बताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है, लेकिन कुछ लोग राजनीतिक हताशा में सभी सीमाएँ लाँघ रहे हैं।
लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द पर दिया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
भाजपा ने कहा कि पार्टी सदैव भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही है। किसी भी वर्ग, समाज अथवा राष्ट्र नेतृत्व के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक संस्कृति को दूषित करता है और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुँचाता है। पार्टी ने विपक्ष से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने, समाज में सौहार्द बनाए रखने तथा सार्वजनिक जीवन में शालीन एवं जिम्मेदार भाषा के प्रयोग की अपील की।
प्रदर्शन कार्यक्रम में सुभाष भाटी, वीरेन्द्र भाटी, सतेन्द्र नागर, कर्मवीर आर्य, संजय चेची, पवन रावल, विकास चौधरी, डिम्पल आनंद, सत्यपाल शर्मा, महेश शर्मा, रजनी तोमर, वंदना वानखेड़े, राज नागर, योगेश चौहान, मुकेश भाटी, अन्नू सिंह, डॉ. आरती शर्मा, मनोज मावी, भगवत प्रसाद शर्मा, विशाल Kumar, सुनील सोनक, संदीप शर्मा, विजय कसाना, अशोक रावल, अश्वनी गोयल, लोकेश त्यागी, ज्योति सिंह, गायत्री, उषा वत्स, हेमंत त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
