बार बार यातायात नियम तोड़ने वालों पर बिजनौर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 7,170 वाहनों के पंजीकरण और 185 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Bijnor Police Takes Strict Action Against Repeat Traffic Violators, Process Initiated for Registration Suspension of 7,170 Vehicles and Suspension of 185 Driving Licenses Image Credit: पुलिस

बिजनौर (शिखर समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और जनपद में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से बिजनौर यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है।

इस अभियान के तहत बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा सड़क दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार पाए गए लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने ऐसे वाहन स्वामियों और चालकों का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर उनके वाहन पंजीकरण तथा ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पांच या अधिक बार नियम तोड़ने वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में ऐसे 7,170 वाहनों की पहचान की गई है, जिनके चालकों ने पांच या उससे अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन किया है।

इन सभी वाहनों के पंजीकरण को निलंबित करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन वाहनों का सार्वजनिक सड़कों पर संचालन प्रतिबंधित हो जाएगा।

इसके साथ ही नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले 185 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए सक्षम प्राधिकारी परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है।

सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने लोगों से की अपील

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से लापरवाह वाहन चालकों में कानून का भय उत्पन्न होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Share This Article
Leave a comment