शामली (शिखर समाचार)।
आजाद अधिकार सेना के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को शामली तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नोएडा औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं के स्थायी समाधान और दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग उठाई गई।
मजदूरों की समस्याओं पर उठाई आवाज
पदाधिकारियों ने अपने ज्ञापन में कहा कि नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में हजारों मजदूर, विशेष रूप से महिला श्रमिक, विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी समस्या का समाधान हिंसा नहीं हो सकता, बल्कि संवाद और न्यायपूर्ण व्यवस्था से ही समाधान संभव है।
उन्होंने मजदूरों की प्रमुख समस्याओं में बढ़ती महंगाई, किराया, पारिवारिक जिम्मेदारियां, लंबे कार्य घंटे, अतिरिक्त समय में काम और शोषण को शामिल करते हुए इन्हें पूरी तरह जायज बताया। संगठन ने मांग की कि न्यूनतम मासिक वेतन कम से कम 20 हजार रुपये किया जाए तथा हरियाणा के समान वेतन व्यवस्था लागू की जाए।
ओवरटाइम और सुविधाओं को लेकर सुझाव
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
इसके अलावा, ओवरटाइम का उचित भुगतान सुनिश्चित करने, 8 से 9 घंटे से अधिक कार्य कराने पर अतिरिक्त मुआवजा देने, कार्य समय को निर्धारित करने, साप्ताहिक अवकाश और त्योहारों पर छुट्टियां देने की भी मांग की गई। साथ ही ईपीएफ, ईएसआई, बोनस और ग्रेच्युटी का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने तथा वेतन का भुगतान बैंक खाते के माध्यम से करने की बात कही गई।
ज्ञापन में ठेकेदारी प्रथा पर नियंत्रण लगाने और मजदूरों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इस दौरान विनोद कुमार, मुकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
