गाजियाबाद (शिखर समाचार)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजयनगर में अटल बिहारी वाजपेई जन्मदिवस के मौके पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वही जनपद स्तरीय काव्य पाठ, भाषण, निबंध, प्रतियोगिताओं में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरुस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक संजीव शर्मा, बीजेपी महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर संगीता गुप्ता, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजयनगर की प्रधानाचार्य विभा चौहान ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण करके की। सभी ने अटल जी के प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए एवं उपस्थित जनों को अपने संबोधन एवं कविताओं द्वारा अटल बिहारी वाजपेई जी के योगदानो का स्मरण कराया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई की उपलब्धियां से परिचित कराने हेतु सुशासन के महत्व विषय पर जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रमुख कविताओं पर आधारित” एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता” में विजेता छात्र-छात्राओं को 10000, 5000 एवं 2500 की राशि का चेक प्रदान किया गया। जनपद स्तर के भाषण एवं काव्य पाठ के विजेता छात्र-छात्राओं ने अपने ओजपूर्ण भाषण एवं कविताओं को यहां पर मुख्य अतिथि के समक्ष पुनः प्रस्तुत किया| ठाकुर द्वारा पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने देश भक्ति पर मनमोहक नृत्य भी प्रस्तुत किया। भाषण प्रतियोगिता में मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय, नंदग्राम गाजियाबाद की छात्रा चेतन कोरंगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शंभू दयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय की सफलता तथा वीएमएलजी महाविद्यालय की हर्षिता गौड़ क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं। एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में एमएमएच कॉलेज के धीरज बहुगुणा को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। गिन्नी देवी मेमोरियल कॉलेज की कनिका शर्मा को द्वितीय एवं शंभू दयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय की कोमल तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में गाजियाबाद जनपद के सभी विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

