शामली (शिखर समाचार)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को लेकर जनपद में चुनावी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तर की जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को आयोग द्वारा नामित नोडल अधिकारी एवं असम की उप सचिव तथा संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुलक्षणा बोरपात्रागोहेन ने तहसील परिसर शामली स्थित ईवीएम वीवीपैट भंडार गृह का निरीक्षण किया और वहां चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ईवीएम-वीवीपैट की जांच प्रक्रिया का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जांच प्रक्रिया की प्रगति देखी। उन्होंने मशीनों के सुरक्षित रख रखाव, भंडार गृह की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रख रखाव तथा जांच प्रक्रिया के दौरान अपनाई जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तर की जांच की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा निर्देशों और मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता तथा सावधानी के साथ संपन्न कराई जाए।
सुरक्षा और रख-रखाव में लापरवाही न बरतने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
नोडल अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में ईवीएम एवं वीवीपैट की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इनके रख-रखाव और जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मशीनों के सुरक्षित रख रखाव, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाएं आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी न्यायिक श्याम नारायण शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमोद कुमार, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रमेश चंद तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि संदीप कुमार और सुभाष चंद मौजूद रहे।
