हापुड़ (शिखर समाचार) थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ विवाह का झांसा देकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपी सहित चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी माता एक नेटवर्क विपणन कंपनी में कार्यरत थी। वर्ष 2019 में वह अपनी माता के साथ कंपनी के एक कार्यक्रम में गई थी, जहां उसकी मुलाकात थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के धनावली अट्टा निवासी तथा वर्तमान में भूड़बराल, एचपी पेट्रोल पंप के निकट, मेरठ में रहने वाले सौरभ से हुई। सौरभ ने उसे बातचीत में फंसाकर कंपनी से जोड़ लिया। अगस्त 2019 से उसने कंपनी में कार्य करना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है
पीड़िता का आरोप है कि सौरभ ने प्रारंभ में राखी बंधवाकर भाई बहन का संबंध बनाने का नाटक किया, लेकिन बाद में वह अश्लील हरकतें करने लगा। वह पीड़िता के घर आने जाने लगा और उसे अपने घर ले जाकर अपनी माता सविता, पिता कृष्णपाल तथा बहन संजना से भी मिलवाया। आरोप है कि नवंबर 2020 में सौरभ कंपनी की बैठक का बहाना बनाकर पीड़िता को सिंभावली स्थित एक होटल में ले गया, जहां शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और उसके बाद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसे सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर चुप रहने के लिए दबाव बनाया और बाद में उसका गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना बाबूगढ़ पुलिस ने आरोपी सौरभ, उसकी माता, पिता और बहन के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी सौरभ को मुखबिर की सूचना पर मुदाफरा बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
