हापुड़ (शिखर समाचार)
जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बाड़ली में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब किठौर रोड किनारे खेत में एक विशालकाय ड्रोन पड़ा मिला। गांव के लोगों ने पहले तो उसे खिलौना समझकर अनदेखा किया, लेकिन जब ड्रोन के पंखों और लाइटों में हलचल दिखी तो शक गहरा गया। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और सैकड़ों की भीड़ खेत पर उमड़ पड़ी।
ग्राम बाड़ली में ड्रोन ने मचाई सनसनी—पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने लिया जांच में जुटने का फैसला
ग्राम बाड़ली के किसान अजहर के खेत में पड़ा यह ड्रोन आकार में इतना बड़ा था कि ग्रामीणों ने इसे किसी खुफिया निगरानी यंत्र से जोड़ दिया। किसी ने कहा कि यह सेना का ड्रोन है, तो किसी ने इसे जासूसी मिशन से जोड़कर हल्ला मचा दिया। सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने ड्रोन की तकनीकी जांच की, लेकिन प्रारंभिक जांच में ऐसा कोई संकेत नहीं मिला जिससे इसकी उत्पत्ति या उपयोग का तुरंत पता लगाया जा सके। पुलिस ने ईबीएस बाबूगढ़ सहित आसपास के सैन्य प्रतिष्ठानों और निजी ड्रोन ऑपरेटरों से संपर्क कर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पश्चिमी यूपी में ड्रोन ने बढ़ाई दहशत—छोटे ड्रोन भी लोगों के लिए बने डर का कारण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/rakesh-tikait-arrived-at-the-gadh-ganga-fair/
बताया जा रहा है कि हाल के महीनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों अमरोहा, संभल, बरेली और हापुड़ में ड्रोन को लेकर डर और भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कई गांवों में छोटे खिलौना ड्रोन को चोरों या जासूसों के उपकरण के रूप में देखकर लोगों ने उन पर हमला तक कर दिया। ऐसे कई मामलों में पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले लोगों को हिरासत में भी लिया है।
यह ताजा घटना ग्रामीण मानसिकता में तकनीकी उपकरणों को लेकर व्याप्त आशंका और जागरूकता की कमी को उजागर करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर फैलने वाले वीडियो इन अफवाहों को और हवा दे रहे हैं। कुछ वीडियो तो इतने वास्तविक लगते हैं कि लोग उन्हें देखकर भयभीत हो जाते हैं, जिससे रात के समय गोलीबारी और गश्त जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी—ड्रोन देख अफवाह न फैलाएं, नियमों का पालन करें
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/on-sardar-patel-jayanti-a-student-recited/
पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या ड्रोन जैसी मशीन दिखने पर अफवाहें न फैलाएं और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें। ड्रोन मालिकों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने ड्रोन का पंजीकरण कराएं और उन्हें निर्धारित हवाई क्षेत्र में ही उड़ाएं।
उल्लेखनीय है कि हापुड़ जिले के आयदनगर और हाफिजपुर गांवों में भी पहले संदिग्ध ड्रोन मिलने की अफवाहें फैल चुकी हैं, जिनकी जांच के बाद वे खिलौना ड्रोन निकले थे। अब बाड़ली गांव में मिला यह विशाल ड्रोन एक बार फिर से ग्रामीण इलाकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह ड्रोन कहां से आया और किस उद्देश्य से उड़ाया गया था।
