गोविंदपुरम में स्कूल में घुसा तेंदुआ, वन विभाग ने पकड़ा

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
A leopard entered a school in Govindpuram; the Forest Department captured it IMAGE CREDIT TO REPORTER

गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
कवि नगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों को स्कूल के अंदर तेंदुआ होने की सूचना मिली। गोविंदपुरम स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल में सुबह लगभग 5 बजे तेंदुआ सोसायटी के अंदर से होता हुआ स्कूल परिसर में दाखिल हो गया।
जैसे ही स्कूल प्रशासन को तेंदुए की सूचना मिली, तुरंत स्कूल की छुट्टी कर दी गई। इसके बाद सुबह करीब 8 बजे वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी गई।

ड्रोन कैमरे से चला सर्च ऑपरेशन

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

तेंदुए को ढूंढने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया गया। उसे पकड़ने के लिए मेरठ से वन विभाग की विशेष टीम बुलाई गई। लगभग 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेंकुलाइजर गन का प्रयोग करते हुए तेंदुए को बेहोश किया गया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान तेंदुआ स्कूल के बाथरूम में छिप गया था, जिससे निशाना लगाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में दीवार का कुछ हिस्सा तोड़कर ट्रेंकुलाइजर की गोली दागी गई, जिससे तेंदुआ बेहोश हो गया।

सहारनपुर की शिवालिक में छोड़ा जाएगा तेंदुआ

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/

बेहोश होने के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पिंजरे में बंद किया और उसे सहारनपुर की शिवालिक पहाड़ियों में छोड़ने के लिए रवाना कर दिया।

वन विभाग अधिकारी ईशा तिवारी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के दौरान वन विभाग का कोई भी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ। सुबह से ही तेंदुए को देखने के लिए स्कूल के बाहर लोगों की भीड़ जुटी रही। तेंदुए के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली।

Share This Article
Leave a comment