हापुड़ (शिखर समाचार) जनपद के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान पर छापेमारी कर अवैध पटाखों के भंडारण और निर्माण से जुड़ा एक मामला उजागर किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
अवैध पटाखा बनाने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फतेहपुर कुचेसर में छापामारी
थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप ने बताया कि जनपद में अवैध रूप से पटाखे बनाने, बेचने और उनका भंडारण करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि फतेहपुर कुचेसर चौपला क्षेत्र में एक किराए के मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान पर छापामार कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान से करीब 200 किलोग्राम गन कॉटन पाउडर, 2000 नग तैयार गन कॉटन पाउडर सैलनुमा कैन्डल, 27 बंडल खाली खोखा तथा अवैध पटाखे बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए। बरामद सामग्री की मात्रा और प्रकृति को देखते हुए पुलिस ने इसे बेहद खतरनाक मानते हुए तत्काल कब्जे में ले लिया।
अवैध पटाखा निर्माण का खुलासा, अभियुक्त नदीम गिरफ्तार; सप्लाई का राज भी खुला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/greater-noida-road-safety-alert-authority/
पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान नदीम पुत्र रफीक निवासी शान मस्जिद के निकट, फरुख नगर, थाना टीला रोड, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर इस किराए के मकान में अवैध रूप से पटाखे तैयार करता था और उन्हें आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कर आर्थिक लाभ कमाता था।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम जनता की जान माल के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती हैं। अवैध रूप से रखी गई इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित दुर्घटना टल गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ मामला दर्ज, बाकी साथियों की तलाश जारी; सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/hpda-accelerates-property-data-digitization/
फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे किन किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इस तरह के गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
