हापुड़ (शिखर समाचार)
थाना धौलाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक नवनिर्मित मकान में उस समय खलबली मच गई, जब दीवार के सहारे करीब 15 फुट लंबा अजगर आर-पार चढ़ता हुआ दिखाई दिया। मकान निर्माण स्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने अभियान चलाकर अजगर को सकुशल रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया।
धौलाना में मिली विशाल अजगर की दहशत: बच्चे ने देखा और उड़ गए होश
जानकारी के मुताबिक धौलाना क्षेत्र में अतुल प्रधान के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। उसी दौरान मकान के पास से गुजर रहे एक बच्चे की नजर अचानक सीढ़ियों पर हिलती-डुलती लंबी आकृति पर पड़ी। बच्चे ने टॉर्च की रोशनी डाली तो उसके होश उड़ गए एक विशालकाय अजगर दीवार और सीढ़ियों के सहारे ऊपर की ओर सरक रहा था।
बच्चे ने भयभीत होकर तुरंत समाजसेवी फुरकान चौधरी को सूचना दी। इसकी गंभीरता को देखते हुए फुरकान ने यूसुफ चौधरी के माध्यम से डायल 112 और वन विभाग से तत्काल मदद मांगी। सूचना मिलते ही डायल 112 का पुलिस दल मौके पर पहुंचा और अजगर को देखने दौड़ी भीड़ को पीछे हटाकर क्षेत्र को सुरक्षित कराया।
वन विभाग की रोमांचक कार्रवाई: विशाल अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में लौटाया गया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/muradnagar-police-arrested-three-cow-smuggler/
कुछ ही देर बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने लगभग आधे घंटे तक सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अजगर को बिना किसी नुकसान के काबू में किया गया और बाद में जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के दौरान आसपास के लोगों में दहशत और उत्सुकता दोनों का माहौल बना रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य और खेतों की खुदाई बढ़ने से आसपास के जंगलों और खेतों में रहने वाले वन्य जीव अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर भटक रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग सही कदम उठाएं और वन्य जीवों को नुकसान न पहुंचे। स्थानीय लोगों ने यह भी अपील की कि यदि कहीं इस प्रकार का कोई जीव दिखाई दे, तो स्वयं पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
