बिजनौर (शिखर समाचार) नजीबाबाद में डेढ़ माह पहले हुई करोड़ों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस बड़ी वारदात में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कई महिलाएं भी शामिल हैं। पकड़े गए सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने करीब छह करोड़ रुपये के सोने चांदी के आभूषण और नकदी बरामद करने का दावा किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं।
करोड़ों की चोरी से मचा हड़कंप — पुलिस की कई टीमें खुलासे में जुटीं
पुलिस लाइन में एसपी अभिषेक झा ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 27 और 28 सितंबर की दरम्यानी रात को नजीबाबाद चौक बाजार में स्थित योगेश कुमार की बर्तनों की दुकान से करोड़ों रुपये के आभूषण और ढाई लाख रुपये नकद चोरी हो गए थे। वारदात के बाद जिलेभर में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की कई टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था।
एसपी ने बताया कि बुधवार सुबह स्वाट टीम को सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल एक आरोपी पूरनपुर रोड की नई कॉलोनी के पास खाली प्लॉट में छिपा है और देहरादून भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
सोने की ईंट और तमंचे संग चोर गिरफ्तार — साथियों के नाम उगलते ही खुलने लगा राज़
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/municipal-commissioner-orders-resolution/
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम शुऐब पुत्र जफर खां निवासी मछली बाजार, नजीबाबाद बताया। तलाशी में पुलिस को उसके पास से एक सोने की ईंट, तीन सोने के टुकड़े, पासपोर्ट, 800 रुपये नकद और एक तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में शुऐब ने चोरी में शामिल अन्य साथियों के नाम बताए।
पुलिस ने फराज पुत्र जफर अली, राबिया उर्फ चांदो पत्नी जफर अली, जफर अली पुत्र हसमत अली निवासी सबनीग्रान नजीबाबाद, शहाना पत्नी मोहम्मद सलीम निवासी भगत सिंह कॉलोनी देहरादून, रावेद पुत्र शौकत अली निवासी नई बस्ती नजीबाबाद, आसिया पत्नी फुरकान निवासी काजीपाड़ा बिजनौर, खुर्शीदा पुत्री जफर खां निवासी मछली बाजार नजीबाबाद, और जैबा पुत्री इकबाल निवासी मछली बाजार नजीबाबाद के नाम बताए। इनमें से छह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फराज और जैबा फरार हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से बरामद सोने-चांदी के बने और अधबने आभूषणों की कीमत लगभग छह करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के पकड़े जाने के बाद और भी बरामदगी होने की संभावना है।
