मुरादनगर (शिखर समाचार)। आजादी का अमृत पर्व 79वें स्वतंत्रता दिवस के रूप में मुरादनगर में पूरे उल्लास और गर्व के साथ मनाया गया। नगर के स्कूलों, संस्थानों और सामाजिक संगठनों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन कर इस ऐतिहासिक दिन को खास बना दिया। तिरंगे के नीचे जहां लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया, वहीं बच्चों ने गीत, नृत्य और भाषणों से वातावरण को देशभक्ति के स्वरूप में ढाल दिया।
स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति की गूंज — ध्वजारोहण, विचार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भरा नवचेतना का संकल्प
नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण अध्यक्ष छम्मी चौधरी ने किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक वहाब चौधरी ने कहा कि आज की पीढ़ी को यह समझना चाहिए कि आजादी हमें यूं ही नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे हमारे पूर्वजों का लंबा संघर्ष और बलिदान जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि देशहित को प्राथमिकता दें और भारत को विश्व पटल पर सर्वोच्च स्थान दिलाने का संकल्प लें। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, विजयपाल हितकारी, बुध प्रकाश गोयल, अमरीष गोयल, सुशील गोयल, मनोज शर्मा, संजीव त्यागी, रोहतास समेत पालिका के सभासद और कर्मचारी मौजूद रहे।
के.सी.एम. पब्लिक स्कूल में ध्वजारोहण संरक्षक राकेश मोहन गोयल और सचित गोयल द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना ही वास्तविक राष्ट्रभक्ति है। कार्यक्रम में रामकिशन बंधु, मनीष गोयल, प्रीति गुप्ता और अमिता गोयल ने विचार रखे। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया।
राष्ट्रभक्ति की उमंग में डूबा शहर — शिक्षण संस्थानों और व्यापार मंडल में तिरंगे को किया नमन, एकता और शिक्षा पर दिए प्रेरक संदेश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
इसी क्रम में लीलावती रामगोपाल सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तिरंगा मुख्य अतिथि जगदीश कुमार विज और विशिष्ट अतिथि पंकज जैन ने फहराया। अपने संबोधन में विज ने कहा कि शिक्षक ही राष्ट्रनिर्माण के वास्तविक स्तंभ हैं। शिक्षा से ही समाज का उत्थान संभव है और विद्यार्थी देश के भविष्य निर्माता बन सकते हैं। विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और कविताओं से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस मौके पर प्रबंधक सुमित गुप्ता, अध्यक्ष विनोद जिंदल, कोषाध्यक्ष अरविंद भारतीय, मनोज शर्मा, बृजेश्वर निमी और उषा चौधरी सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल द्वारा न्यू जिला पंचायत मार्केट में भी झंडा फहराया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष शहजाद चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज सिर्फ तिरंगा कपड़ा नहीं है, बल्कि यह हमारी स्वतंत्रता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी से एकता और भाईचारे की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में दमयंती सिंह, त्रिवेंद्र गुप्ता, नितिन शर्मा, रमन तायल, सुमित गर्ग, जय भगवान सिंघल, नितिन गोयल, ललित गोयल, हरि मोहन गोयल, सतीश जिंदल, सतीश गोयल, अक्षय सिंघल, छोटे चौधरी और लीलू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

नगरभर में हुए आयोजनों ने यह संदेश दिया कि आज भी आजादी की महत्ता लोगों के दिलों में जिंदा है और हर पीढ़ी इसे अपने उत्साह और जोश के साथ आगे बढ़ा रही है।
