गाजियाबाद (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को एमएमजी जिला अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों के उपचार और निर्माणाधीन भवन की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करने, निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने एमएमजी अस्पताल का किया निरीक्षण, मरीजों से जाना हाल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उप मुख्यमंत्री के अस्पताल पहुंचने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन चंद्र वैश्य, अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 का शुभारंभ किया।
अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकांश मरीज बुखार और मौसमी बीमारियों से पीड़ित मिले। मरीजों और तीमारदारों ने उपचार तथा चिकित्सकीय स्टाफ के व्यवहार पर संतोष जताया। एक दुर्घटना में घायल मरीज से बातचीत के दौरान उन्होंने शराब के सेवन से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के साथ उसके पूरे परिवार को प्रभावित करता है।
निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने और चिकित्सकों की कमी दूर करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई इमारत का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति जानी। उन्होंने गुणवत्ता के मानकों का पालन करते हुए निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। बजट की कमी होने पर तत्काल प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा। आसपास के पुराने भवनों की लोक निर्माण विभाग से तकनीकी जांच कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कराया जाए और उपयोग योग्य भवनों की मरम्मत कराई जाए।
जनपद में चिकित्सकों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कमी दूर करने के लिए शासन को तत्काल पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संवेदनशीलता तथा जिम्मेदारी के साथ काम करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
