हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना हापुड़ क्षेत्र के मोहल्ला जवाहर गंज निवासी पत्रकार अनूप सिन्हा का मोबाइल फोन हैक कर साइबर ठगों ने बैंक खाते से 40 हजार रुपये की रकम पार कर दी। आरोपियों ने पीड़ित के खाते से यूपीआई के माध्यम से यह धनराशि अन्य खाते में ट्रांसफर कर ली। पीड़ित पत्रकार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध मैसेज भेजकर मोबाइल किया हैक, खाते से उड़ाए 40 हजार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार अनूप सिन्हा का बैंक खाता दिल्ली रोड स्थित त्रिवेणी गंज के बैंक ऑफ बड़ौदा में है। रविवार, 1 नवंबर को दोपहर करीब 1:41 बजे साइबर अपराधियों ने एक संदिग्ध मैसेज भेजकर उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके तुरंत बाद ही उनके मोबाइल पर खाते से 40 हजार रुपये कटने का मैसेज आ गया, जिसे देखकर पीड़ित के होश उड़ गए।
अचानक हुई इस ठगी की घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। उन्होंने थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और खाते से उड़ाई गई पूरी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों और पत्रकारों में भी साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है।
साइबर सेल की मदद से ठगों की तलाश में जुटी पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पत्रकार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की साइबर सेल टीम की मदद से घटना की गहनता से पड़ताल की जा रही है। जिस यूपीआई आईडी और बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उसकी ट्रैकिंग की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर लिया जाएगा।
