शामली (शिखर समाचार)। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक यादव ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पंजीकरण कार्य की समीक्षा
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली के बूथ संख्या 35 से 40, देशभक्त इंटर कॉलेज शामली के बूथ संख्या 43 से 48, उच्च प्राथमिक विद्यालय ताजपुर सिम्भालका के बूथ संख्या 175 से 177 तथा प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 लिलौन के बूथ संख्या 190 से 192 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची का अवलोकन कर पंजीकरण और संशोधन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली।
जनपद के सभी 451 मतदान केंद्रों के 1,129 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया गया। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अपील की कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क करें।
मतदाता पंजीकरण और सूची में संशोधन के लिए निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल ऐप तथा आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
बच्चों को स्टेशनरी वितरित कर खेल गतिविधियों से बढ़ाया उत्साह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 लिलौन में बच्चों को स्टेशनरी वितरित की। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय ताजपुर सिम्भालका में बच्चों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशासन का जोर अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने और सूची को त्रुटिरहित बनाने पर रहा।
