हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने कपूरपुर थाने में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, चकबंदी, राजस्व, पुलिस और विद्युत विभाग से संबंधित कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने इनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
थाना दिवस में 18 शिकायतें प्राप्त, चार का मौके पर निस्तारण
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें। शिकायतों का समाधान होने के बाद फरियादियों से प्रतिक्रिया भी अवश्य प्राप्त की जाए, ताकि निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
कविता मीना ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ मौके पर पहुंचकर तथ्यों की जांच करें और नियमानुसार समस्या का समाधान कराएं, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेने और उसके समाधान में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। थाना दिवस के दौरान थानाध्यक्ष कपूरपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
