मोदीनगर (शिखर समाचार)। निवाड़ी नगर पंचायत में नवनिर्मित ‘कान्हा गौशाला’ का बुधवार को बागपत-मोदीनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान और स्थानीय भाजपा विधायक डॉ. मंजू सिवाच ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान अतिथियों ने गौशाला परिसर में गायों को गुड़ और पशु आहार भी खिलाया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति में गौ माता को केवल एक पशु नहीं, बल्कि जीवनदायिनी और मां का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि गौ माता का दूध मानव शरीर को अमृत के समान पोषण प्रदान करता है। सांसद ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में जगह-जगह गौशालाएं स्थापित की जा रही हैं, जिससे बेसहारा और निराश्रित गोवंश की सुरक्षित देखभाल सुनिश्चित हो सके।
गौसेवा के कार्य में सहयोग करने की अपील
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा विधायक डॉ. मंजू सिवाच ने भी अपने विचार रखे और क्षेत्रवासियों को गौसेवा के इस पवित्र कार्य में सहयोग करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के आयोजक नगर पंचायत निवाड़ी के अध्यक्ष अनिल त्यागी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और गौशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोग रहे मौजूद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस अवसर पर सहकारी गन्ना विकास समिति मोदीनगर के अध्यक्ष राजन चौधरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र पाल त्यागी, रालोद नेता अमरजीत सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. सरिता सिंधु, सुनील त्यागी, प्रदीप त्यागी और भाजपा नेता अरुण त्यागी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
