स्नातक मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, सपा ने भाजपा पर लोकतंत्र कमजोर करने का लगाया आरोप

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Allegations of Irregularities in Graduate Voter List, Samajwadi Party Accuses BJP of Undermining Democracy. IMAGE CREDIT रिपोर्टर

सहारनपुर (शिखर समाचार)। समाजवादी पार्टी के मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक विधान परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी प्रमेन्द्र सिंह भाटी एडवोकेट ने भाजपा पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी एवं विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल पर कथित रूप से गलत तरीके से सामूहिक आवेदन जमा कराकर स्नातक मतदाता बनवाने का आरोप लगाते हुए इसे निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के नियम 31 के विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत किए जाने के बावजूद मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

भाजपा पर स्नातक मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोप

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

प्रमेन्द्र सिंह भाटी ने सपा जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए 29 सितंबर को नामांकन दाखिल किए गए थे, जबकि मतदाता सूची 14 अक्टूबर को उपलब्ध कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल ने सत्ता का दुरुपयोग कर विश्वविद्यालय से आंकड़े प्राप्त किए और गलत तरीके से स्नातक मतदाता बनवाने का प्रयास किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि सहारनपुर जिले की मतदाता सूची में अनियमितताएं हैं। उनके अनुसार, एक विकासखंड के मतदाताओं के नाम दूसरे विकासखंड में दर्ज होने से मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने में परेशानी हो सकती है।

संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर सपा नेताओं ने उठाए सवाल

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’

विधायक उमर अली खान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता जागरूक है और विधान परिषद चुनाव में भाजपा को इसका जवाब देगी।

पत्रकार वार्ता में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी, मजाहीर राणा, विनोद तेजयान, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, वासिल तोमर, सलीम अख्तर, ममता चौधरी, अभिषेक अरोड़ा टिंकू, इंजीनियर विजेश कुमार शर्मा, हसीन कुरैशी, मजहबी खान, संदीप चौधरी, जमाल साबरी, स्वराज सिंह, मुस्तकिम राणा और रतन सिंह यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment