ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में शारदीय नवरात्र पर्व के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों—जेवर, सदर और दादरी में ‘मिशन शक्ति विशेष अभियान 5.0’ के अंतर्गत तहसील समाधान दिवस को ‘स्पेशल पिंक समाधान दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस दौरान महिला फरियादियों की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता दी गई।
स्पेशल पिंक समाधान दिवस में 154 शिकायतें प्राप्त, 11 का मौके पर निस्तारण
दिवस के दौरान जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 154 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
तहसील जेवर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 62 शिकायतें आईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी और एसडीएम जेवर दुर्गेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील दादरी: अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 86 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील सदर: अपर जिलाधिकारी (भू/अ) अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में 6 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण हुआ।
पिंक हेल्प डेस्क पर महिलाओं को मिली कानूनी अधिकारों और योजनाओं की जानकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/prasoon-joshi-appointed-chairman/
सभी तहसीलों में महिलाओं की सुविधा के लिए विशेष ‘पिंक हेल्प डेस्क’ स्थापित की गई, जिसके माध्यम से महिलाओं ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान महिला फरियादियों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा प्रावधानों और सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
