हापुड़ (शिखर समाचार)। नगर के एक इंटर कॉलेज के आंतरिक आदेश पत्र की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। इस मामले में प्रधानाचार्य परिषद ने शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के जिलाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को मांग पत्र सौंपा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आदेश पत्र वायरल करने और अभद्र टिप्पणियों को लेकर प्रधानाचार्य परिषद ने जताया विरोध
दीवान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि विद्यालय में कुछ अध्यापकों द्वारा असहयोग किए जाने पर उन्होंने 7 अक्टूबर को अनुशासन और शिक्षण कार्य से जुड़े पांच बिंदुओं का एक आंतरिक आदेश जारी किया था। इस आदेश पर सभी शिक्षकों ने हस्ताक्षर भी किए थे और किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई थी।
आरोप है कि इसी आदेश की फोटो को शांति स्वरूप इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापक और शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण द्विवेदी ने शिक्षक संघ के व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल कर दिया। इस दौरान ग्रुप में प्रधानाचार्य के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए उकसाया गया।
डीआईओएस को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग, विद्यालयों में प्रवेश के लिए अनुमति अनिवार्य करने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
घटना के विरोध में 12 अक्टूबर को दीवान इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य परिषद की एक आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें श्रीकृष्ण द्विवेदी के इस आचरण की कड़ी निंदा की गई। बैठक में उपस्थित अन्य प्रधानाचार्यों ने भी आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक उनके विद्यालयों में जाकर भी प्रधानाचार्यों के खिलाफ शिक्षकों को भड़का रहे हैं।
प्रधानाचार्य परिषद ने डीआईओएस श्वेता पूठिया को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए, किसी भी विद्यालय में प्रवेश से संबंधित प्रधानाचार्य की अनुमति अनिवार्य की जाए, डीआईओएस कार्यालय में कर्मचारियों पर दबाव बनाने और अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर रोक लगाई जाए, तथा स्काउट गतिविधियों के नाम पर अन्य विद्यालयों में अनावश्यक दखल देने पर आरोपी को स्काउट संस्था से बाहर किया जाए।
