गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली-हापुड़ हाईवे पर थाना मसूरी के ऊपर बने फ्लाईओवर पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। खड़े वाहन में पीछे से आई पिकअप गाड़ी की जोरदार टक्कर में केबिन के अंदर फंसे दो लोगों को फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मसूरी फ्लाईओवर पर दो पिकअप की टक्कर, केबिन में बुरी तरह फंसे दो लोग
घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि शाम करीब 5:40 बजे फायर स्टेशन कोतवाली, कमिश्नरेट गाजियाबाद को एमडीटी के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। बिजनौर से दिल्ली की ओर जा रहा एक अशोक लेलैंड पिकअप वाहन (नंबर DL1LAF 8534) थाना मसूरी के सामने फ्लाईओवर पर खड़ा था। इसी दौरान शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जा रहे एक अन्य अल्ट्रा मैजिक पिकअप वाहन (नंबर DL1LAQ 0146) ने खड़े वाहन में पीछे से भीषण टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अल्ट्रा मैजिक वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से अंदर धंस गया, जिससे केबिन में सवार दो लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
हाइड्रोलिक कटर से काटा केबिन, सुनील कुमार और जोगेंद्र सिंह को सुरक्षित निकाला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
—— हाइड्रोलिक उपकरणों से काटा गया केबिन
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से रेस्क्यू टीम अत्याधुनिक हाइड्रोलिक कटर और स्प्रेडर उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि केबिन के लोहे के मलबे में दोनों व्यक्ति बुरी तरह जकड़े हुए थे।
फायर सर्विस यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी कुशलता के साथ हाइड्रोलिक कटर की मदद से क्षतिग्रस्त लोहे के हिस्सों को काटकर फैलाया। कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे दोनों व्यक्तियों, सुनील कुमार और जोगेंद्र सिंह को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू किए गए दोनों घायलों को तुरंत मौके पर मौजूद एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। दुर्घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस के साथ खड़े वाहन का चालक तहसीम अहमद भी मौजूद था। फायर सर्विस गाजियाबाद की इस त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई से समय रहते दो जिंदगियों को बचा लिया गया, जिससे हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
