सहारनपुर (शिखर समाचार)। समाजवादी पार्टी के मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी प्रमेन्द्र सिंह भाटी एडवोकेट का नकुड़ विकासखंड के गांव बांदूखेड़ी में स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसैन के निजी सचिव चौधरी प्रवीण बांदूखेड़ी के आवास पर किया गया।
स्नातक युवाओं की समस्याओं को विधान परिषद में उठाने का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमेन्द्र सिंह भाटी ने कहा कि मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र काफी बड़ा है और यहां लाखों शिक्षित स्नातक मतदाता हैं। इसके बावजूद स्नातक वर्ग की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं अधिवक्ता हैं और स्नातक युवाओं की परेशानियों को समझते हैं। बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलना गंभीर विषय हैं। विधान परिषद में पहुंचने पर वह स्नातक युवाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगे और उनकी समस्याओं को सरकार के सामने रखेंगे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर वह चुनाव मैदान में उतरे हैं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना चाहते हैं।
स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर बनाई रणनीति
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम संयोजक चौधरी प्रवीण बांदूखेड़ी ने प्रमेन्द्र सिंह भाटी को शिक्षित, संघर्षशील और ईमानदार प्रत्याशी बताते हुए उनके समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि चौधरी रूद्रसैन के नेतृत्व में मेरठ-सहारनपुर मंडल में संगठन को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में आगामी स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। गांवों और मोहल्लों में स्नातक मतदाताओं से संपर्क करने, उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराने और बूथ स्तर पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम में मास्टर प्रहलाद सिंह, मास्टर राजबीर सिंह, मास्टर निर्दोष सिंह, लक्ष्य तोमर, सुधांशु गुज्जर सहित अनेक कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान और ग्रामीण उपस्थित रहे।
