हरिद्वार (शिखर समाचार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूरी होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के साथ देश तथा उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पर हरकी पैड़ी में गंगा पूजन
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए भी मां गंगा से आशीर्वाद मांगा।
गंगा पूजन और आरती में मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी भाग लिया। यह धार्मिक आयोजन हरिद्वार में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक से पहले हुआ। धामी सरकार प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित कर शासन को जनता के निकट पहुंचाने की पहल कर रही है। इसका उद्देश्य स्थानीय जरूरतों और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देना तथा क्षेत्रीय विकास को गति देना है।
अलग-अलग जिलों में कैबिनेट बैठकें कर जनहित को प्राथमिकता दे रही धामी सरकार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इससे पहले 4 अक्टूबर को चम्पावत जनपद के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी। सरकार का मानना है कि विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें आयोजित करने से स्थानीय परिस्थितियों और विकास संबंधी आवश्यकताओं को शासन की प्राथमिकताओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।
