मोदीनगर (शिखर समाचार)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना जागृत करने के लिए रविवार को नगर में एक भव्य पैदल मार्च निकाला गया। इस मार्च में महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में शिक्षिकाओं, छात्राओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सभी प्रतिभागी पहले मोदी मंदिर में एकत्र हुए, जहाँ से पैदल मार्च की शुरुआत हुई। मार्च के दौरान महिलाएं और पुलिसकर्मी हाथों में प्रेरणादायक संदेश लिखे बैनर और तख्तियां लेकर चल रहे थे। यह पैदल मार्च रुक्मणी मार्केट, रेलवे रोड, बस स्टैंड और गुरुद्वारा रोड से होते हुए दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित राज चौराहा स्थित सीएमडी सभागार पर संपन्न हुआ।
नारी सशक्तिकरण एक विचार नहीं बल्कि संकल्प: विधायक डा. मंजू सिवाच
कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक डा. मंजू सिवाच ने कहा कि शासन के ‘मिशन शक्ति’ अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। महिला सशक्तिकरण कोई विचार नहीं बल्कि एक संकल्प है, क्योंकि जब नारी सशक्त होती है तो पूरा समाज और राष्ट्र मजबूत होता है।
हर थाने में पर्याप्त संख्या में तैनात हैं महिला पुलिसकर्मी: डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि यह अभियान प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पहले थानों में इक्का-दुक्का महिला पुलिसकर्मी ही नजर आती थीं, लेकिन आज हर थाने में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं जो महिलाओं की समस्याएं सुनती हैं। उन्होंने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए सभी महिलाओं और छात्राओं का आभार जताया। इस अवसर पर एसीपी सिद्धार्थ गौतम, एसीपी मसूरी सुनील कुमार, तथा मोदीनगर, मुरादनगर, भोजपुर और निवाड़ी थानों के प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे। इसके अलावा भोजपुर ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह, पवन सिंघल, महेश तायल, शोभा चौधरी, शालिनी नयर और जसमीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
