हरिद्वार (शिखर समाचार)। खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन अंडर-14 और अंडर-19 बालक वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। दोनों वर्गों में नैनीताल और पौड़ी की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-14 में नैनीताल और पौड़ी ने फाइनल में बनाई जगह
अंडर-14 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में नैनीताल ने देहरादून को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में पौड़ी और चमोली की टीमें आमने-सामने हुईं। पौड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चमोली को 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इस वर्ग का खिताबी मुकाबला अब नैनीताल और पौड़ी के बीच होगा।
अंडर-19 फाइनल में भी आमने-सामने होंगी दोनों टीमें
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अंडर-19 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में नैनीताल का मुकाबला बागेश्वर से हुआ। नैनीताल की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर बागेश्वर को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में पौड़ी और चंपावत के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें पौड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। इस तरह अंडर-19 वर्ग के फाइनल में भी नैनीताल और पौड़ी की टीमें आमने-सामने होंगी।
प्रतियोगिता के दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी रविंद्र भंडारी, मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के प्रभारी मुकेश कुमार भट्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी पूनम मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी जितेंद्र पुंडीर, सहायक प्रशिक्षक शुभम बोरा, खेल समन्वयक, शिक्षा विभाग के खेल शिक्षक तथा निर्णायक वीरेंद्र सिंह रावत, मनोज नेगी, वरुण चौहान, उत्कृष्ट गोस्वामी, हिमांशु प्रजापति, सौरभ संदीप, सुमित और मुदस्सीम सहित युवा कल्याण विभाग के प्रशिक्षक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
