मसूरी/देहरादून (शिखर समाचार)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मसूरी क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एक होटल में किए गए नियम विरुद्ध निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण की टीम ने लाइब्रेरी रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए होटल परिसर में निर्मित अवैध बेसमेंट और 12 कमरों को सील किया। प्राधिकरण के अनुसार देवेन्द्र अग्रवाल द्वारा होटल अतिथि के नाम से किए गए निर्माण की जांच के दौरान स्वीकृत मानचित्र और भवन निर्माण नियमों के विपरीत निर्माण पाया गया था। इसके बाद एमडीडीए की टीम मौके पर पहुंची और अवैध रूप से निर्मित बेसमेंट तथा 12 कमरों को सील करने की कार्रवाई की।
अवैध बेसमेंट और 12 कमरों को किया सील
एमडीडीए अधिकारियों के मुताबिक प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र में अनियोजित और अवैध निर्माण से यातायात, पार्किंग, जल निकासी, पर्यावरण तथा शहर की समग्र व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी को देखते हुए प्राधिकरण द्वारा निर्माण गतिविधियों की निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में सुनियोजित विकास और भवन निर्माण नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। मसूरी जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र में अवैध व्यावसायिक निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण द्वारा ऐसे निर्माणों की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर के सुनियोजित, सुरक्षित और व्यवस्थित विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने भवन स्वामियों से निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराने और निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की।
अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। मसूरी क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। जांच के दौरान नियम विरुद्ध निर्माण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भवन स्वामियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से बिना अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण नहीं करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
