साहिबाबाद/गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शनि चौक स्थित रामलीला मैदान के पीछे बने सामुदायिक केंद्र भवन में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां तैयार किए जा रहे रावण के पुतले में अचानक जोरदार विस्फोट के साथ भीषण आग लग गई। विस्फोट इतना तीव्र था कि सामुदायिक केंद्र के हॉल की दो दीवारें ढह गईं। हादसे में पुतला बना रहे 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल से दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 09:26 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद को आरटी सेट के माध्यम से सूचना मिली कि शनि चौक स्थित पटाखों की दुकान में आग लगी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम 3 फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि आग पटाखों की दुकान में न होकर सामुदायिक केंद्र के एक बड़े हॉल में लगी थी, जहां रामलीला के लिए रावण का पुतला बनाने का काम चल रहा था।
रावण के पुतले में विस्फोट से हॉल की दो दीवारें ढहीं
फायर सर्विस की टीम ने तुरंत पंपिंग शुरू कर आग पर पूरी तरह से काबू पाया। अग्निशमन अधिकारियों द्वारा बारीकी से निरीक्षण करने पर प्राथमिक रूप से यह बात सामने आई कि पुतला बनाते समय उसमें इस्तेमाल की जा रही आतिशबाजी या किसी अन्य विस्फोटक सामग्री में अचानक विस्फोट होने के कारण यह दुर्घटना हुई।
पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे, जीटीबी अस्पताल रेफर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
घटना में घायल हुए 5 व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अग्निशमन टीम ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया। घायलों में से दो व्यक्तियों की पहचान ऋषभ और हरेंद्र के रूप में हुई है, जबकि अन्य 3 घायलों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
