गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शासन के निर्देशों के तहत माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस के क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में जनपद की तीनों तहसीलों में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 207 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कराया।
तीनों तहसीलों में 207 शिकायतें, 21 का मौके पर निस्तारण
सदर तहसील में सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 54 शिकायतें प्राप्त हुईं और नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसीलदार सहित राजस्व, पुलिस, नगर पालिका तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लोनी तहसील में संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी दीपक सिंघनवाल की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। समाधान दिवस में तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मोदीनगर में सबसे अधिक 106 शिकायतें पहुंचीं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मोदीनगर तहसील में उप जिलाधिकारी कोमल पंवार की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां सबसे अधिक 106 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसीलदार सहित राजस्व, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
