हरिद्वार (शिखर समाचार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को कनखल स्थित एसएमएसडी इंटर कॉलेज में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर विद्यालय स्तरीय निबंध, भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक रहे। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने विचारों, रचनात्मकता और कला के माध्यम से विकसित एवं समृद्ध भारत की कल्पना प्रस्तुत की। निबंध और भाषण में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की तस्वीर रखी, जबकि चित्रकला और रंगोली में कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के 24 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मदन कौशिक ने सम्मानित किया। संजना ने प्रथम, गुंजन ने द्वितीय और काजल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले हॉकी खिलाड़ी रोहित कुमार को भी खेल उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
बड़े सपने देखने के लिए विद्यार्थियों का आह्वान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मदन कौशिक ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें और शिक्षा, संस्कार, नवाचार तथा रचनात्मक सोच के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक हैं। कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, प्रधानाचार्या मीनाक्षी शर्मा सहित विद्यालय का शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ मौजूद रहा।
