गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड मुरादनगर परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 62 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों को योजना के तहत निर्धारित उपहार सामग्री प्रदान की गई तथा उन्हें सुखद दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक विवाहित जोड़े को 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसमें वर-वधू के कपड़े, स्टील भोजन सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, श्रृंगार सामग्री और दीवार घड़ी सहित अन्य सामान शामिल है। इसके अतिरिक्त कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि भुगतान किए जाने का प्रावधान है।
हिंदू रीति-रिवाज से विवाह और निकाह संपन्न
बुधवार को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अनुसूचित जाति के 21, अन्य पिछड़ा वर्ग के 16, सामान्य वर्ग के सात तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 18 जोड़े शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित 14 हिंदू जोड़ों का हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कराया गया। इस दौरान फेरे और जयमाला की रस्म पूरी हुई, जबकि अल्पसंख्यक वर्ग के 18 जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को दी शुभकामनाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में मोदीनगर विधायक मंजू शिवाच, भोजपुर की प्रमुख क्षेत्र पंचायत सुचेता सिंह तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी मौजूद रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने नवदंपतियों के सुखमय और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग और विकासखंड कार्यालय मुरादनगर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा। विभागीय अधिकारियों ने योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाने और निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार कार्यक्रम संपन्न कराने की जानकारी दी।
