हापुड़ (शिखर समाचार)। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद के सभी विकास खंडों और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, पंचायत भवनों और अमृत सरोवरों की साफ-सफाई की गई। स्वच्छता अभियान में ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, सफाई कर्मियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने सहभागिता की।
ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लोगों को अपने आसपास के स्थानों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को कूड़े को इधर-उधर न फेंकने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही घरों और सार्वजनिक स्थानों पर सोख्ता गड्ढे बनाने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया, ताकि गंदे पानी की उचित व्यवस्था हो सके और गांवों में स्वच्छ वातावरण कायम रहे।
स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सफाई अभियान के दौरान विद्यालयों, पंचायत भवनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष रूप से साफ-सफाई की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक दिन अलग-अलग सेवा गतिविधियों का आयोजन कर लोगों को जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
