शामली (शिखर समाचार)। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याएं बारी-बारी से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव ने पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति से किसानों को अवगत कराया।
किसान दिवस में नाला निवासी कुलदीप पंवार ने शामली चीनी मिल के आसपास छायी की समस्या दूर कराने और शामली रेलवे स्टेशन के सामने सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की। डांगरोल निवासी राजन जावला ने सुन्ना गांव में नदी के पार शामली से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग रखी। पिण्डौरा निवासी अजय कुमार ने दथेडा जाने वाली जर्जर विद्युत लाइन को दुरुस्त कराने तथा किसानों ने गागौर चीनी मिल के रास्ते को चौड़ा कराने की मांग उठाई।
गन्ना भुगतान, अतिक्रमण और मार्ग सुधार को लेकर रखी गईं मांगें
थानाभवन निवासी प्रभात मलिक ने थानाभवन चीनी मिल से किसानों के बकाया गन्ना भुगतान दिलाने और शराब के ठेकों को निर्धारित समय पर बंद कराने की मांग की। नाला निवासी सुनील पंवार ने एलम बाईपास पर गोल चक्कर बनवाने तथा पिण्डौरा निवासी कपिल खाटियान ने झिंझाना-थानाभवन मार्ग से बिजली के खंभे हटाने की मांग रखी। भैसवाल निवासी कविता चौधरी ने भैसानी इस्लामपुर में जर्जर 11 केवी विद्युत लाइन ठीक कराने और बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। ईश्वर सिंह फौजी ने रेलवे स्टेशन के सामने सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
जिलाधिकारी ने प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के दिए निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल, उप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी प्रदीप कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
