हापुड़ (शिखर समाचार)। मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल ने सोमवार को अतरपुरा चौपला स्थित ऐतिहासिक शहीद स्तंभ पहुंचकर भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान देश की आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इससे पहले उन्होंने मेरठ रोड स्थित अतिथि गृह में जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
शहीद स्तंभ के सौंदर्यीकरण और स्मृति द्वार निर्माण पर जोर
शहीद स्थल के निरीक्षण के दौरान सांसद ने इसके भव्य सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार और स्मृति द्वार के निर्माण को लेकर जिलाधिकारी कविता मीना से वार्ता की तथा लिखित पत्र सौंपकर प्रशासनिक स्तर पर जल्द कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि हापुड़ का यह ऐतिहासिक शहीद स्तंभ आने वाली पीढ़ियों के लिए देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा का केंद्र है। इसके विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार से हरसंभव वित्तीय एवं प्रशासनिक सहयोग दिलाया जाएगा।
सांसद प्रतिनिधि विनोद गुप्ता और अशोक बबली ने अरुण गोविल को शहीद स्थल के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद अमर बलिदानियों की स्मृति में यहां शहीद स्मारक बनाया गया था। स्मारक पर अंग्रेजी शासन के दौरान चलाई गई गोलियों के निशान आज भी मौजूद हैं। प्रतिवर्ष 11 अगस्त को यहां दीप प्रज्वलित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है।
अतिक्रमण और जलभराव की समस्या भी उठी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
स्थानीय लोगों ने शहीद स्तंभ और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के आसपास बढ़ते अतिक्रमण तथा गोल मार्केट क्षेत्र में जलभराव की समस्या भी सांसद के सामने रखी। सांसद ने समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्राथमिकता से उठाने और नाले-नालियों की सफाई तथा अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया। इस दौरान महेश तोमर, संजीव वर्मा सहित स्थानीय व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
