मोदीनगर (शिखर समाचार)। डॉ. के.एन. मोदी ग्लोबल स्कूल की मुख्य शाखा, प्रिटी पेंगुइन और टेक्सटाइल शाखा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष सजावट की गई और विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे विद्यार्थियों का कृष्ण और राधा के रूप में मनमोहक श्रृंगार सभी के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में डॉ. के.एन. मोदी फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक डॉ. दीपांकर शर्मा और बी.एड. कॉलेज की प्राचार्या एकता भारद्वाज की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की सोलह कलाओं को जीवंत किया। श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर गोकुल की लीलाओं और अर्जुन को दिए गए उपदेश तक विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गोकुल बाजार की प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कृष्ण की लीलाओं और झांकियों ने मोहा मन
विद्यालय की प्राचार्या पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। संयुक्त उप-प्राचार्या रितु अग्रवाल ने भी बच्चों का मनोबल बढ़ाया। टेक्सटाइल शाखा की प्रधानाचार्या सपना खुराना ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और मेहनत की प्रशंसा की।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए मटकी सजावट, बांसुरी सजावट, मुकुट निर्माण और मोरपंख बुकमार्क बनाने जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों द्वारा तैयार की गई मनमोहक झांकियों ने पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया। पूरे विद्यालय में भक्ति, उल्लास और उमंग का वातावरण बना रहा।
