शामली (शिखर समाचार)। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को विधान परिषद सदस्य किरणपाल कश्यप बाबरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मृतक के पिता सतबीर फौजी से मिलकर घटना पर दुख व्यक्त किया तथा परिवार को हर संभव सहयोग और साथ देने का आश्वासन दिया।
विधान परिषद सदस्य किरणपाल कश्यप ने कहा कि एक होनहार युवा कलाकार की सरेआम हत्या किया जाना बेहद जघन्य और चिंताजनक घटना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन को हत्यारोपियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे भविष्य में अपराधी इस तरह की वारदात को अंजाम देने का साहस न कर सकें।
बढ़ते अपराध पर जताई चिंता
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के बढ़ते हौसले चिंता का विषय हैं। दिनदहाड़े युवा कलाकार की हत्या से आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। अभिभावक भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि बच्चे प्रतिदिन विद्यालय, महाविद्यालय, व्यायामशाला और कोचिंग संस्थानों के लिए घर से बाहर निकलते हैं। ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
किरणपाल कश्यप ने पुलिस प्रशासन से अंकित बालियान हत्याकांड का जल्द खुलासा करने, आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेलगाम अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई समय की आवश्यकता है, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके।
इस अवसर पर गौरव कश्यप, धीरज तोमर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
